सूत्र १अथ योगानुशासनम् ॥ १ ॥
शब्दार्थ
(अथ) अब प्रारम्भ किया जाता है (योग–अनुशासनम्) योग के स्वरूप को बताने वाले शास्त्र का।
सूत्रार्थ
अब योग के स्वरूप को बताने वाले शास्त्र का प्रारम्भ किया जाता है।
व्यासभाष्य
अथेत्ययमधिकारार्थः। योगानुशासनं शास्त्रमधिकृतं वेदितव्यम्। योगः समाधिः। स च सार्वभौमश्चित्तस्य धर्मः। क्षिप्तं, मूढं, विक्षिप्तमेकाग्रं, निरुद्धमिति चित्तभूमयः। तत्र विक्षिप्ते चेतसि विक्षेपोपसर्जनीभूतः समाधिर्न योगपक्षे वर्तते। यस्त्वेकाग्रे चेतसि सद्भूतमर्थं प्रद्योतयति क्षिणोति च क्लेशान्कर्मबन्धनानि श्लथयति, निरोधमभिमुखं करोति स संप्रज्ञातो योग इत्याख्यायते। स च वितर्कानुगतो, विचारानुगत, आनन्दानुगतोऽस्मितानुगत इत्युपरिष्टात्प्रवेदयिष्यामः। सर्ववृत्तिनिरोधे त्वसंप्रज्ञातः समाधिः॥१॥
व्यासभाष्य अनुवाद
‘अथ’ शब्द अधिकारार्थ है। यह शब्द आरम्भ को कहता है। इस शब्द से ‘योगानुशासन’ नामक शास्त्र प्रारम्भ किया जा रहा है, यह जानना चाहिए। ‘योग’ समाधि को कहते हैं। और वह (समाधि) चित्त की सब भूमियों में रहने वाला धर्म है। चित्त की क्षिप्त, मूढ़, विक्षिप्त, एकाग्र और निरुद्ध नामक पाँच भूमियाँ हैं। इन भूमियों में से विक्षिप्त भूमि वाले चित्त की समाधि विक्षेप के कारण गौण हो जाने से योग की कोटि में नहीं आती। जो समाधि एकाग्र भूमि वाले चित्त में होती है, विद्यमान पदार्थ को यथार्थ रूप में प्रकाशित करती है, क्लेशों को क्षीण करती है, कर्म के बन्धनों को शिथिल करती है, असम्प्रज्ञात समाधि को सम्मुख लाती है, वह सम्प्रज्ञात योग कहा जाता है। और वह वितर्कानुगत, विचारानुगत, आनन्दानुगत, अस्मितानुगत (इन चार अवस्थाओं वाली है), ऐसा आगे स्पष्ट रूप से बतायेंगे। सब वृत्तियों का निरोध होने पर तो असम्प्रज्ञात समाधि होती है॥१॥
योगार्थ प्रकाश
ओ३म् शन्नो मित्रः शं वरुणः शन्नो भवत्वर्य्यमा।
शन्न ऽ इन्द्रो बृहस्पतिः शन्नो विष्णुरुरुक्रमः॥ यजु० ३६/९, ऋग्वेद १/९०/९॥
नमो ब्रह्मणे नमस्ते वायो त्वमेव प्रत्यक्षं ब्रह्मासि। त्वामेव प्रत्यक्षं ब्रह्म वदिष्यामि, ऋतं वदिष्यामि, सत्यं वदिष्यामि। तन्मामवतु तद्वक्तारमवतु। अवतु मामवतु वक्तारम्। ओ३म् शान्तिश्शान्तिश्शान्तिः॥
भावार्थ – प्रीति करने योग्य मित्र स्वरूप परमेश्वर हमारे लिये कल्याणकारी हो, सर्वश्रेष्ठ परमेश्वर हमारे लिये कल्याणकारी हो, सदा सत्य न्याय करने हारे परमेश्वर हमारे लिये कल्याणकारी हो, अखिल ऐश्वर्य युक्त इन्द्र, सबसे बड़े आकाशादि ब्रह्माण्डो के पालक स्वामी, चराचर व्यापक विष्णु, अनन्त पराक्रमयुक्त उरुक्रम देव ईश्वर हमारे लिये कल्याणकारी हो।
सबके ऊपर विराजमान, सबसे बड़े, अनन्तबल युक्त परमात्मा को हम नमस्कार करते हैं। हे परमेश्वर! आप ही अन्तर्यामी रूप से प्रत्यक्ष ब्रह्म हो, मैं आप ही को प्रत्यक्ष ब्रह्म कहूँगा। जो आप की वेदोक्त यथार्थ आज्ञा है उसी का उपदेश तथा आचरण करूँगा, सत्य ही मानूँगा और करूँगा। सो आप मेरी रक्षा कीजिए। मुझ सत्यवक्ता की रक्षा कीजिए। निश्चय से मुझ वक्ता की रक्षा कीजिए॥
हे परमात्मन्! हमें आध्यात्मिक, आधिभौतिक व आधिदैविक दुःखों से छुड़ाकर शान्ति का दान दीजिये।
‘अथ’ शब्द अधिकार के लिए है। यह शब्द प्रारम्भ को कहता है। इस शब्द से ‘योगानुशासन’ नामक शास्त्र प्रारम्भ किया जाता है यह जानना चाहिए। योगानुशासनम् = योग के स्वरूप (लक्षण, भेद, उपाय, फल) को बतलाने वाले शास्त्र का उपदेश किया जाता है।
यह ‘योग’ शब्द युज् (समाधौ) धातु से ‘घञ्’ प्रत्यय करने पर सिद्ध होता है। ‘अनुशासन’ शब्द ‘अनु’ उपसर्गपूर्वक ‘शासु अनुशिष्टौ’ धातु से ‘ल्युट्’ प्रत्यय करने पर सिद्ध होता है। “योगो अनुशिष्यतेऽनेनेति योगानुशासनम्” अर्थात् योग का उपदेश जिस शास्त्र के द्वारा किया जाता है वह ‘योगानुशासन’ नामक शास्त्र कहलाता है। अथवा इसका द्वितीय अर्थ ‘पुनः उपदेश’ है। यह (योग का) उपदेश सृष्टि के आरम्भ में परमेश्वर एवं वेदों के द्वारा ऋषियों को प्राप्त हुआ। उन्होंने उस उपदेश (योग) का अनुष्ठान किया, साक्षात्कार किया तथा अन्यों को उसका उपदेश दिया। इस परम्परा से प्राप्त योग का महर्षि पतञ्जलि ने ग्रन्थ के रूप में प्रणयन किया। यही परम्परा अनुशासन शब्द के द्वारा कही गई है। योग ‘समाधि’ को कहते हैं। समाधि चित्त की सब भूमियों में अर्थात् अवस्थाओं में रहनेवाला चित्त का धर्म है। चित्त सत्त्व, रजस्, तमस् नामक जड़ पदार्थों से मिलकर बना हुआ एक पदार्थ है। यह जीव का एक ऐसा ही आन्तरिक साधन है जैसे कि हस्तपादादि बाह्य साधन हैं। जिस प्रकार हस्तपादादि साधन जीव के आधीन हैं उसी प्रकार चित्त भी उसी के आधीन है।
चित्त की पाँच भूमियाँ हैं – क्षिप्त, मूढ़, विक्षिप्त, एकाग्र और निरुद्ध। जीवात्मा जिस अवस्था में चित्त को विविध विषयों में तीव्रता से चलाता है उस अवस्था को ‘क्षिप्त’ कहते हैं। उस अवस्था में, जो कार्य हानिकारक होते हैं, उन कार्यों को भी वह कर बैठता है। इस अवस्था में रजोगुण की प्रधानता होती है। सत्त्वगुण तथा तमोगुण गौण रहते हैं। सांख्य एवं योगशास्त्र में गुण शब्द से सत्त्व, रजस्, तमस् नामक द्रव्य ग्रहण किये जाते हैं। इन तीनों का समुदित नाम प्रकृति, प्रधान आदि है।
निद्रा, तन्द्रा, आलस्य, मूर्छा, आदि अवस्थाओं में जीवात्मा को जब विशेष ज्ञान नहीं होता अथवा विशेष ज्ञान नहीं कर पाता उसको ‘मूढ़’ अवस्था कहते हैं। इस अवस्था में सत्त्व एवं रजोगुण अप्रधान रहते हैं, तमोगुण प्रधान रहता है।
जिस अवस्था में मनुष्य किसी विशेष विषय पर अपने चित्त को एकाग्र करने का प्रयास करता है तो चित्त में कुछ एकाग्रता आती है। परन्तु वह स्थिति किसी बाधक कारण से भंग हो जाती है, उसको ‘विक्षिप्त’ अवस्था कहते हैं। बाधक कारण बाह्य, आभ्यन्तर नाम से दो प्रकार के होते हैं; उदाहरणार्थ तीव्र शब्द, स्पर्श, गन्ध आदि बाह्य तथा अभिलाषा से जनित स्मृति, आलस्य, निद्रा, तन्द्रा, संशय आदि आन्तरिक कारण। इसमें सत्त्वगुण प्रधान और तमोगुण गौण होता है, कभी–कभी रजोगुण प्रकट होता रहता है।
जिस अवस्था में योगाभ्यासी विवेक, वैराग्य और अभ्यास के द्वारा अपने चित्त को योग के लिए अपेक्षित किसी एक विषय में अधिकारपूर्वक बहुत काल पर्यन्त स्थिर कर लेता है, उसको ‘एकाग्र’ अवस्था कहते हैं। इस अवस्था में ‘सम्प्रज्ञात समाधि’ होती है। इसमें सत्त्वगुण प्रधान और रजस्–तमस् गौण रहते हैं। इस अवस्था में योगाभ्यासी को पदार्थ का यथार्थ स्वरूप ज्ञात होता है। उसके क्लेश क्षीण होते हैं, उसके अशुभ एवं शुभ सकाम कर्मों की वासनाएँ शिथिल होती हैं और वह असम्प्रज्ञात समाधि को प्राप्त करने में समर्थ होता है। उस सम्प्रज्ञात समाधि के वितर्कानुगत, विचारानुगत, आनन्दानुगत और अस्मितानुगत नाम से चार भेद हैं। इनके विषय में इसी पाद के १७वें सूत्र में बतलाया जायेगा।
जिस अवस्था में योगाभ्यासी सम्प्रज्ञात समाधि की ऊँची अवस्था को प्राप्त कर लेता है तो उसको उसमें भी दोष दिखाई देने लग जाते हैं; उन दोषों के कारण ‘परवैराग्य’ उत्पन्न होता है। उस अवस्था में चित्त की समस्त वृत्तियों का निरोध हो जाता है। इसको ‘निरुद्ध’ अवस्था कहते हैं। इस अवस्था में ‘असम्प्रज्ञात समाधि’ होती है। यह ईश्वर साक्षात्कार की स्थिति है।
इनमें से केवल एकाग्र एवं निरुद्ध अवस्था में योग माना जाता है, शेष क्षिप्तादि अवस्थाओं में नहीं। यहाँ पर यह बात विशेष ध्यान देने की है कि ये क्षिप्त आदि पाँच अवस्थाएं चित्त की हैं, जीवात्मा की नहीं। अविद्या के कारण व्यक्ति इन अवस्थाओं को अपनी (अर्थात् जीवात्मा की) मान लेता है। इसका परिणाम यह होता है कि योगाभ्यासी चित्त को अपने (आत्मा के) अधिकार में नहीं रख पाता और मनुष्य जीवन का मुख्य प्रयोजन जो ईश्वर–साक्षात्कार है, उसको सिद्ध नहीं कर पाता।
चित्त की इन पाँच अवस्थाओं में से किसी को दूर करना, अन्य को उत्पन्न करना एक सीमा तक योगाभ्यासी के आधीन है। इसके अनुसार व्यक्ति क्षिप्तादि को हटाकर एकाग्रता को और एकाग्रता को हटाकर निरोध को उत्पन्न कर सकता है। किन्तु असावधानी, आलस्य, प्रमादादि के कारण ऊँची अवस्था से नीची अवस्था को प्राप्त हो सकता है। ऐसी स्थिति में निराश नहीं होना चाहिए, क्योंकि निराश होने से कोई प्रयोजन सिद्ध नहीं होता। अतः साधक ने जिन उपायों से ऊँची अवस्था को प्राप्त किया था उन्हीं उपायों का उचित प्रयोग करके पुनः ऊँची स्थिति को प्राप्त कर सकता है। कुछ ऐसी स्थितियाँ भी होती हैं जिनमें व्यक्ति प्रयत्न करने पर भी क्षिप्तादि को हटाकर एकाग्र और निरुद्ध अवस्थाओं को प्राप्त नहीं कर पाता, जैसे कि तीव्र रोग, आघात, अतिशीत, अतिउष्णता, अङ्ग भंग होने आदि में। परन्तु विशेष उच्च अवस्था को प्राप्त योगी इस स्थिति में चिन्तित और भयभीत नहीं होता, सरलता से उस दुःख को सहन कर लेता है॥१॥
भाष्य: स्वामी सत्यपति परिव्राजक · प्रकाशक: दर्शन योग महाविद्यालय, आर्य वन, रोजड़, पो. सागपुर, जि. साबरकाँठा (गुजरात) · प्रकाशक की अनुमति से प्रकाशित।